Jdnews VIsion…..
प्रयागराज : : यमुना बैंक रोड स्थित पार्क का गेट बुधवार सुबह भरभराकर गिर गया। मलबे के नीचे 15 वर्षीया अमन्या गुप्ता दब गई। राहगीरों व स्थानीय लोगों की मदद से उसकी दो बहनों ने उसे मलबे से निकाला।
उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोपहर में उसकी मौत हो गई। शाम को मृतका के पिता उमेश चंद्र गुप्ता ने कीडगंज थाने में गेट का सौंदर्यीकरण करने वाले ठेकेदार समेत कई के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर देर रात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
खलासी लाइन मुहल्ले के रहने वाले उमेश चंद्र गुप्ता नगर निगम के सेवानिवृत्त कर्मी हैं। उनके चार पुत्री व एक पुत्र में अमन्या सबसे छोटी थी। वह हाईस्कूल की छात्रा थी। बुधवार सुबह करीब छह बजे अमन्या अपनी बड़ी बहन नेहा व नीलम के साथ पार्क में टहलने गई थी।
टहलने के बाद जैसे ही घर वापस आने के लिए वह पार्क के मुख्य गेट के नीचे पहुंची अचानक गेट भरभराकर उसके ऊपर गिर गया। यह देखकर चंद कदम दूर नीलम व नेहा हतप्रभ रह गईं। राहगीरों के साथ ही पार्क में टहल रहे लाेगों ने गेट गिरता देखा तो अफरातफरी मच गई।
सभी घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। आसपास के बस्ती में रहने वाले लोगों के साथ पार्षद रुदसेन जायसवाल भी आ गए। मलबा हटाकर अमन्या को निकाला गया। उसके सिर पर गंभीर चोट थी। उसे समीप के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देखकर डाक्टरों ने स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यहां लाकर उसे भर्ती कराया गया, जहां दोपहर करीब एक बजे उसने दम तोड़ दिया।
इसकी जानकारी कीडगंज पुलिस को मिली तो वह एसआरएन अस्पताल पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शाम को उमेश चंद्र गुप्ता ने कीडगंज थाने में तहरीर दी। इसमें ठेकेदार समेत कई पर निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया गया है। थाना प्रभारी कीडगंज संजय सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है और मुकदमा भी दर्ज किया जा रहा है।
होगी जांच, दिलाई जाएगी आर्थिक सहायता
महापौर गणेश केसरवानी ने मृतक के घर जाकर सांत्वना व्यक्त की। घटना को लेकर दु:ख जताया है। उनका कहना है कि पूरे मामले की जांच होगी। नगर आयुक्त ने इसके निर्देश भी दे दिए हैं। साथ ही मृतका के स्वजन को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए वह जिलाधिकारी से वार्ता किया है। जल्द सार्थक कदम उठाया जाएगा।
स्वजन पर टूटा दुख का पहाड़
अमन्या सबसे छोटी थी। उससे बड़ी नेहा, नीलम व डाली हैं। बड़ा एक भाई शुभम है, जो दिव्यांग है। सबसे छोटी होने के कारण अमन्या को पूरा परिवार बहुत प्यार करता था। बुधवार को हुई घटना के बाद पूरे परिवार की रो-रो कर हालत खराब है। आसपास की महिलाएं व नाते-रिश्तेदार सभी को सांत्वना देने में लगे हैं।