JD NEWS VISION….
मुंबई: : एक बहुत ही शॉकिंग और बुरी खबर आई है। किसी ज़माने में कांटा लगा गाने में नज़र आई एक्ट्रेस शेफ़ाली ज़रीवाला का देहांत हो गया है। मात्र 42 साल की उम्र में शेफ़ाली ज़रीवाला की कार्डियक अरेस्ट के चलते मौत हो गई है। अचानक ही शेफ़ाली की तबियत बिगड़ गई। शेफ़ाली के पति पराग त्यागी व और कुछ लोग फौरन उन्हें लेकर हॉस्पिटल की तरफ़ दौड़े। लेकिन हॉस्पिटल में डॉक्टर्स ने शेफ़ाली को मृत घोषित कर दिया। हॉस्पिटल की रिसेप्शनिस्ट ने बताया कि शेफ़ाली की मौत कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुई है। हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही शेफ़ाली की मौत हो चुकी थी।
शेफ़ाली ज़रीवाला सालों पहले, अर्ली 2000 में उस वक्त चर्चाओं में आ गई थी जब वो एक म्यूज़िक वीडियो में नज़र आई थी। वो म्यूज़िक वीडियो साल 1972 में आई फ़िल्म समाधि के कांटा लगा गीत का रीमिक्स सॉन्ग था। ऑरिजिनल सॉन्ग में आशा पारेख जी ने डांस किया था। लेकिन उस रीमिक्स सॉन्ग में शेफ़ाली जरीवाला ने तहलका मचा दिया था। शेफ़ाली की मादक अदाओं से वो गाना उस वक्त बहुत ज़्यादा चला था। हालांकि अपनी उत्तेजक ड्रैस व उत्तेजक डांस मुद्राओं को लेकर शेफ़ाली जरीवाला बहुत ज़्यादा क्रिटिसाइज़ भी की गई थी। लेकिन शेफ़ाली रातों रात सेलिब्रिटी बन गई थी। जबकी उस वक्त वो एक कॉलेज गर्ल थी और इंजीनियरिंग कर रही थी।
साल 2004 में शेफ़ाली जरीवाला अक्षय कुमार व सलमान खान स्टारर फ़िल्म मुझसे शादी करोगी में भी नज़र आई थी। शेफ़ाली ने फ़िल्मों में बहुत ज़्यादा काम नहीं किया। इस फ़िल्म के अलावा शेफ़ाली साल 2011 में आई एक कन्नड़ फ़िल्म में नज़र आई थी। बस इतनी ही फ़िल्में शेफ़ाली ने की थी। टीवी पर ज़रूर शेफ़ाली ने थोड़ा ज़्यादा काम किया था। वो एक समय के बहुत मशहूर डांस शो बूगी वूगी में दिखी थी। नच बलिए के सीज़न 5 और सीज़न 7 में शेफ़ाली नज़र आई थी। और सबसे ज़्यादा शेफ़ाली तब चर्चाओं में आई थी जब बिग बॉस सीज़न 13 में वो दिखी थी। पिछले साल यानि 2024 में शेफ़ाली ने शैतानी रस्में नामक टीवी शो में एक्टिंग भी की थी। उनके किरदार का नाम था कपालिका।
शेफाली की पर्सनल लाइफ़ के बारे में बात करें तो उन्होंने दो बार शादी की थी। शेफ़ाली ने पहली शादी की थी मीत ब्रदर्स के हरमीत सिंह से। ये शादी साल 2004 में हुई थी। लेकिन 2009 में शेफ़ाली और हरमीत सिंह का तलाक़ हो गया था। उस वक्त हरमीत व शेफ़ाली का काफी विवाद भी हुआ था। और बात अदालत तक पहुंच गई थी। साल 2015 में शेफ़ाली ने पराग त्यागी से शादी की थी। शेफ़ाली की कोई औलाद नहीं थी। 27 जून को 42 साल की उम्र में शेफ़ाली का देहांत हो गया।।