जेडी न्यूज विजन …
लखनऊ : : सुल्तानपुर रोड स्थित अर्जुनगंज इलाके में एक 75 वर्षीय सेवानिवृत्त प्रोफेसर ने अपने ही बड़े बेटे पर मारपीट, गला दबाने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने घटना की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है।
एशिया पैसिफिक रेजीडेंसी, अर्जुनगंज निवासी प्रोफेसर अख्तर जमील अंसारी के अनुसार 26 अक्टूबर 2025 की रात करीब 10:15 बजे जब वह घर लौटे तो उनके बड़े पुत्र मो. उजैर ने बिना किसी बात के उनका गला दबोच लिया और मुक्कों से मारते हुए बेडरूम में ले जाकर धक्का दे दिया। आरोप है कि इससे उनकी नाक से खून निकलने लगा तथा कमर और पैर में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। शोर सुनकर पत्नी और पड़ोसी अभिषेक मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाकर उन्हें बचाया।
पीड़ित का कहना है कि उनका पुत्र पूर्व में भी कई बार गाली-गलौज और मारपीट कर चुका है, लेकिन पारिवारिक रिश्तों के चलते उन्होंने कभी शिकायत नहीं की। उनका आरोप है कि बेटा अक्सर घर से निकाल देने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता है। वृद्धावस्था के कारण वह स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
बताया जाता है कि आरोपी पुत्र एक राष्ट्रीयकृत बैंक के जोनल कार्यालय में कार्यरत है। पीड़ित ने पुलिस से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
jdnews