नागपुर: : महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर से एक बेहद चौंकाने वाली और डराने वाली खबर सामने आई है। शहर के व्यस्ततम इलाकों में से एक, सीए रोड स्थित दोसर भवन चौक के पास भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
जानकारी के मुताबिक, प्रा. उज्ज्वल अंबादास लांजेवार नामक व्यक्ति के घर के ठीक बगल में एक संदिग्ध बैग मिला, जिसकी जांच करने पर पुलिस के भी होश उड़ गए।
बैग में क्या-क्या मिला?
घटना की सूचना मिलते ही गणेशपेठ पुलिस और बम निरोधक दस्ता (BDDS) तुरंत मौके पर पहुंचा। जब संदिग्ध बैग की बारीकी से जांच की गई, तो उसमें से 15 जिलेटिन की छड़ें, 50 डिटोनेटर और 8 कनेक्टर बरामद हुए। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक का रिहायशी इलाके में मिलना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रहा है।
महीने भर से वहीं पड़ा था ‘मौत का सामान’
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह बैग पिछले करीब एक महीने से उज्ज्वल लांजेवार के घर के पास लावारिस हालत में पड़ा था। शुरुआत में किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन जब काफी समय बीत जाने के बाद भी उसे कोई ले जाने नहीं आया, तो श्री लांजेवार को संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत नागपुर पुलिस को इसकी सूचना दी।
RSS मुख्यालय से दूरी महज 4 किमी
सुरक्षा एजेंसियों के कान इसलिए भी खड़े हो गए हैं क्योंकि जिस जगह यह विस्फोटक मिला है, वहां से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का मुख्यालय महज 4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास की सभी दुकानों को बंद करवा दिया है और पूरे इलाके को खाली कराकर घेराबंदी कर दी है।
नागपुर के पुलिस कमिश्नर डॉ. रवींद्र सिंघल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “हमें सूचना मिली थी कि एक घर के पास संदिग्ध बैग पड़ा है। जांच में विस्फोटक बरामद हुए हैं। हम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह बैग वहां किसने और किस मकसद से रखा था। मामले की गहन जांच जारी है।”
Jd News Vision