जेडी न्यूज़ विज़न….
_सांप के काटने पर अस्पताल के बजाय 7 घंटे गंगा में बांधे रखा बच्चे का शरीर….
मुबारिजपुर (अमरोहा) : बोंगे से भूसा निकालने के दौरान सांप के काटने पर 14 वर्षीय किशोर की स्वजन के अंधविश्वास के फेर में उलझने से जान चली गई। अस्पताल ले जाकर इलाज कराने के बजाय झाड़ फूंक कराने के साथ ही करीब सात घंटे तक छात्र को गंगा के पानी की धारा में पेड़ से बांधे रहे।
शुक्रवार मध्य रात्रि में मौत का पता चलने पर उसके शव को गंगा में जल प्रवाह कर दिया गया।
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव पीतमपुर निवासी जयराम सिंह का 14 वर्षीय बेटा अमित कुमार गुरुवार शाम पांच बजे अपने खेत पर पशुओं के लिए भूसा निकालने गया था। जहां उसके हाथ में सांप ने डस लिया था। कुछ समय बाद ही छात्र बेहोश हो गया। इसके बाद स्वजन उसे सीधे अस्पताल ले जाने के बजाय संभल जनपद के सिरसी व बुलंदशहर के स्याना समेत झाड़ फूंक करने वालों पर ले गए।
परंतु उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद भी अंधविश्वास में उसे करीब सात घंटे तक अवंतिका देवी और ख्वाजेपुर गांव के सामने गंगा की धारा में पेड़ से बांधकर रखा गया। परंतु सांस नहीं लौटने पर शुक्रवार मध्यरात्रि में गमगीन माहौल में गंगा में जल प्रवाह कर दिया। छात्र अपने दो भाई व दो बहनों में छोटा था। क्षेत्र के एक स्कूल में वह कक्षा सात में पढ़ रहा था। बेटे की मृत्यु से परिवार में चीत्कार मचा है।
चिकित्सक बोले अस्पताल नहीं लाए स्वजन
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहरा के चिकित्सा अधीक्षक डा. शशांक चैधरी ने बताया कि सभी सांप जहरीले नहीं होते हैं। सांप के काटने पर इधर-उधर झाड़ फूंक के चक्कर में न पड़कर सीधे अस्पताल ले जाना चाहिए। स्वजन किशोर को अस्पताल लेकर नहीं आए थे। गंगा जल में बांधकर रखना महज एक अंधविश्वास है।
Jd News Vision