जेडी न्यूज विजन….
(सन्तोष कुमार गुप्ता)
खण्ड शिक्षा अधिकारी ने लॉर्ड कृष्णा चिल्ड्रेन एकेडमी का किया औचक निरीक्षण…
निरीक्षण में सामने आई गंभीर अनियमितता, दी चेतावनी…
कौड़ीराम क्षेत्र के निजी विद्यालयों की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। खण्ड शिक्षा अधिकारी कौड़ीराम जय प्रकाश मौर्य द्वारा लार्ड कृष्णा चिल्ड्रेन एकेडमी का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। निरीक्षण के दौरान आवश्यक दस्तावेजों की अनुपलब्धता और छात्रों की संख्या में भारी अंतर पाए जाने पर बीईओ ने कड़ी नाराजगी जताई और विद्यालय प्रबंधन को तत्काल सभी अभिलेख प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण में पाया गया कि विद्यालय द्वारा मान्यता संबंधी दस्तावेज, सोसाइटी पंजीकरण प्रमाणपत्र, अग्निशमन सुरक्षा से जुड़े कागजात मौके पर उपलब्ध नहीं कराए गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यू-डायस (UDISE) पोर्टल पर विद्यालय में मात्र 160 छात्र दर्ज हैं, जबकि मौके पर 350 बच्चे उपस्थित पाए गए। इस अंतर को लेकर बीईओ ने आशंका जताई कि अभिभावकों को गुमराह कर आर्थिक शोषण किया जा रहा है।
इसके अलावा यह भी संज्ञान में आया कि विद्यालय प्रबंधन बच्चों और अभिभावकों को किताबें व अन्य सामग्री खरीदने के लिए बाध्य कर रहा है, जो नियमों के विरुद्ध है। बीईओ ने विद्यालय को सख्त निर्देश दिया कि सभी कक्षाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित की जाएं और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सबसे महत्वपूर्ण रूप से खण्ड शिक्षा अधिकारी जय प्रकाश मौर्य ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों का नामांकन कराने से पहले विद्यालय की मान्यता, संबंधित कक्षाओं की स्वीकृति और यू-डायस कोड की पूरी जांच करें। उन्होंने चेताया कि कई विद्यालय मान्यता प्राप्त कक्षाओं के अलावा गैर-मान्यता प्राप्त कक्षाओं में भी प्रवेश देकर अभिभावकों को भ्रमित करते हैं। ऐसे में अभिभावकों को सजग और सतर्क रहना बेहद आवश्यक है, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
Jd News Vision