जेडी न्यूज़ विज़न……
अंबेडकरनगर: : उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर में चार बच्चों की हत्या मामले ने सनसनी मचा दी है। चार बच्चों की हत्या किसने की? यह सवाल पुलिस की जांच का विषय बना हुआ है। लगातार घटना की जांच चल रही है।
इस बीच चार बच्चों की मौत के पीछे के कारण जो छनकर आ रहे हैं, उसमें पारिवारिक विवाद को हत्या का कारण माना जा रहा है। पुलिस इस पूरे मामले में मां की संलिप्तता बता रही है। मां के बच्चों के प्रति प्रेम की अनोखी तस्वीर आने के बाद अब इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मध्य प्रदेश के बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे की एक तस्वीर इस समय देशभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। हादसे के समय एक बच्चा अपनी मां की गोद में था। इसी स्थिति में दोनों की मौत हो गई। मां ने बच्चे को अंतिम समय तक नहीं छोड़ा। वहीं, अंबेडकरनगर में मां पर चार बच्चों की हत्या का आरोप लग रहा है। बच्चों के पिता के पाकिस्तानी महिला से शादी की बात को लेकर परिवार में तनाव की बात कही जा रही है।
बच्चों को कुचलकर मारने की बात
अंबेडकरनगर के अकबरपुर के मीरानपुर मोहल्ले से घटना सामने आई है। इसमें चार बच्चों के लहूलुहान शव मिलने की बात कही जा रही है। दोपहर करीब 3 बजे के बाद पुलिस को एक चार मंजिला मकान से चार बच्चों के शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि चार मंजिला मकान के एक कमरे में बच्चों के शव पड़े हुए थे। वहां पर कोई मौजूद नहीं था। मां के मौके से गायब होने के बाद घटना को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
चार बच्चों की हत्या में मां की संलिप्तता की बात ने पूरे माहौल को गरमा दिया है। दरअसल, बच्चों का पिता सऊदी अरब में रहता है। दावा किया जा रहा है कि उसने सऊदी में दूसरी शादी कर ली है। इसके बाद से परिवार में विवाद गहराया हुआ था। हत्याकांड का कारण भी इसी विवाद को माना जा रहा है।
पुलिस ने क्या कहा?
चार बच्चों का शव घर में पड़े होने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस अकबरपुर के मीरानपुर मोहल्ले में पहुंची। मृतक बच्चों की पहचान 14 वर्षीय सफीक, 10 वर्षीय सऊद, 8 वर्षीय उमर और छह वर्षीय बयान बानो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मकान मालिक मोहम्मद नियाज पिछले एक साल से रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब में रह रहा है। घटना के समय बच्चों की मां गाजिया खातून घर पर मौजूद थी। घटना के बाद से वह फरार बताई जा रही है।
पुलिस को इस मामले मं पहली नजर में मां पर शक गहराया हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही अंबेडकरनगर एसपी प्राची सिंह समेत अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। जांच को तेज किया गया है।
क्या कहती हैं एसपी?
एसपी प्राची सिंह ने घटना को लेकर कहा कि पहली नजर में बच्चों की हत्या में मां का हाथ लग रहा है। हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव की बात सामने आई है। यह भी बताया जा रहा है कि बच्चों के पिता की दूसरी शादी की चर्चा के कारण गाजिया खातून तनाव में थी। संपत्ति विवाद को भी घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस फरार महिला की तलाश कर रही है। एसपी ने उसकी बरामदगी के लिए टीमों को लगाया है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों के खुलासा की बात कही जा रही है।
बच्चों की हत्या का पाकिस्तान कनेक्शन
चार बच्चों की हत्या मामले में पाकिस्तान कनेक्शन भी सामने आ रहा है। दरअसल, सऊदी में रह रहे मोहम्मद नियाज के पाकिस्तानी महिला से निकाह की बात कही जा रही है। इसकी जानकारी मिलते ही गाजिया के आगबबूला होने की बात सामने आई है। पति के दूसरे निकाह की सूचना के बाद से वह तनाव में थी। मौका मिलते ही ईंट से बच्चों को कूचकर मार डालने और बालकनी से कूदकर फरार होने का दावा किया जा रहा है। एक साथ चार बच्चों के खून से लथपथ शव मिलने से पूरा इलाका दहल गया।
स्थानीय लोगों में भी इस बात की चर्चा है कि मां ने बच्चों की हत्या की है। बच्चों का चेहरा बुरी तरह कुचला गया था। इससे मां के गुस्से को समझा जा सकता है। इस वारदात को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गई। उस पर आरोप है कि पति का गुस्सा उसने बच्चों पर निकाला।
Jd News Vision