जेडी न्यूज़ विज़न…
सन्तोष कुमार गुप्ता…
ऑनलाइन दवा बिक्री एवं कॉरपोरेट डिस्काउंट नीति के विरोध में दवा व्यापारियों का राष्ट्रव्यापी आंदोलन…
कौड़ीराम,/ गोरखपुर: : अखिल भारतीय रसायनज्ञ एवं औषधि विक्रेता संगठन के आह्वान पर 20 मई 2026, दिन बुधवार को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद के समर्थन में कौड़ीराम क्षेत्र की समस्त दवा दुकानें पूर्ण रूप से बंद रहेंगी।
इस संबंध में आज कौड़ीराम दवा व्यवसायी संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक संघ के अध्यक्ष अरुण कुमार राय उर्फ अन्नु की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के समस्त दवा व्यवसायियों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि जनस्वास्थ्य, दवा व्यापार तथा लाखों छोटे एवं मध्यम दवा व्यापारियों के हितों की रक्षा हेतु 20 मई को पूर्ण बंद रखा जाएगा।
बैठक में उपस्थित दवा व्यापारियों ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री की अनियंत्रित व्यवस्था, कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा भारी छूट देकर दवा बाजार को प्रभावित करना तथा नकली एवं भ्रामक दवाओं का बढ़ता कारोबार न केवल छोटे व्यापारियों के लिए संकट बनता जा रहा है, बल्कि यह आम जनता के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है।
दवा व्यवसायियों ने सरकार से मांग की कि—
ऑनलाइन दवाइयों की बिक्री पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जाए।
कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा दवाओं पर दिए जा रहे अत्यधिक एवं अनुचित डिस्काउंट पर प्रतिबंध लगाया जाए।
नकली, भ्रामक एवं अवैध दवाओं के निर्माण और बिक्री के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
छोटे एवं मध्यम दवा व्यापारियों के हितों की रक्षा हेतु स्पष्ट एवं प्रभावी नीति बनाई जाए।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि दवा केवल व्यापार का विषय नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है। बिना उचित निगरानी के ऑनलाइन दवा बिक्री मरीजों के जीवन के साथ गंभीर खिलवाड़ साबित हो सकती है।
कौड़ीराम दवा व्यवसायी संघ ने क्षेत्र की जनता से सहयोग एवं समर्थन की अपील करते हुए कहा कि यह आंदोलन केवल दवा व्यापारियों के हितों के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षित एवं जिम्मेदार दवा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक है।
बैठक में संघ के महामंत्री ऋषभ गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एस. एस. लारी, कोषाध्यक्ष चंदन जायसवाल, संगठन मंत्री घनश्याम, कार्यकारिणी सदस्य राहुल राय, राजकुमार विश्वास, हरिकिशन गुप्ता, विपिन जायसवाल, अभिषेक जायसवाल, धर्मेंद्र कुमार, योगेंद्र चंद, अब्दुल जमील, निर्मल साहनी, फार्मासिस्ट मोनू गौड़ सहित बड़ी संख्या में दवा व्यवसायी एवं संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Jd News Vision