Jdñews Vision…
रायबरेली : : जनपद के भदोखर थाना क्षेत्र में रायबरेली-प्रयागराज हाईवे पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में लखनऊ के चार लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। यह महाकुंभ में स्नान करने का उत्साह था कि सुबह करीब चार बजे उठकर ही सभी लोग कार से प्रयागराज के लिए निकल पड़े।
परिवार के लोगों का क्या पता था कि उनके घर के सदस्यों के प्रयागराज जाने से उनके लिए यह गम कभी न भूलने वाला होगा। हादसे की वजह कार की रफ्तार तेज होना बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि गाड़ी की रफ्तार करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटे थी। सभी की प्रयागराज जल्द पहुंचने की चाहत ने उनकी जिंदगी छीन ली।
हादसे की सूचना पर मौके पर आई पुलिस कार को देखकर दंग थी, क्योंकि वह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त थी। कार के कुछ हिस्से बाहर पड़े थे। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। हालांकि यह कोई नहीं बता पाया कि हादसा कैसे हुआ। आसपास के कुछ लोग तो यह भी कह रहे थे कि चालक को झपकी आने से हादसा हुआ। घटना के बाद आसपास के लोग सहमे दिखे। पोस्टमार्टम हाऊस से परिजन अपनों की मौत से गमगीन थे। उन्होंने मीडियाकर्मियों तक से बात नहीं की। आंखों में आंसू थे। सीओ सदर अमित सिंह का कहना है कि ट्रैक्टर-चालक से पूछताछ की जा रही है कि यह हादसा कैसे हुआ और किसकी लापरवाही थी।
पलक झपकते हुआ हादसा, कोई कुछ समझ नहीं पाया
जिस दरियापुर चौराहा पर यह हादसा, वहां पर अक्सर चहल-पहल रहती है। यह हादसा पलक झपते हुआ। वहां पर मौजूद लोग कैसे क्या हुआ, समझ ही नहीं पाए। शोरगुल की आवाज आई तो लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। चूंकि घटनास्थल से थाना कुछ ही दूरी पर है। ऐसे में थाना प्रभारी दयानंद तिवारी भी मौके पर आ गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चार लोगों की जिंदगी को नहीं बचाया जा सका।
लखनऊ जिले के बलदेव बिहार तेलीबाग के रहने वाले नौ लोग मौनी अमावस्या पर महाकुंभ में स्नान करने के लिए प्रयागराज जा रहे थे। हाईवे स्थित दरियापुर चौराहा पर सलोन से रायबरेली की तरफ सरिया लदी ट्रैक्टर-ट्राली आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार तेज थी। सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली को देखकर चालक ने गाड़ी की रफ्तार धीमी करनी चाहिए। तेज रफ्तार होने के कारण ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। इससे कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोगों ने आकर कार सवार लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस भी मौके पर आ गई।
कार सवार घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने आशीष द्विवेदी (45), दीपेंद्र रावत (40), माया (45), रजनी (55) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अनुज त्रिपाठी (30), शुभम (25), प्रभा नेगी (55) के अलावा ललिता और शुभम को भर्ती कर लिया गया। घायल प्रभा नेगी की हालत होने पर चिकित्सकों ने उन्हें एम्स रेफर कर दिया। एम्स से प्रभा को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। कार मृतक आशीष चला रहे थे।
सीओ सदर अमित सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली चालक को हिरासत में लेकर घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है। चालक सलोन का रहने वाला है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कराया जाएगा। कार की रफ्तार अधिक होने के चलते हादसा होने का अंदेशा जताया जा रहा है।