Breaking News

गांवों के विकास से ही राष्ट्र का विकास संभव,जी रामजी योजना से मिलेगा 125 दिनों का गारंटी रोजगार : राकेश सचान

जेडी न्यूज़ विज़न…
बलरामपुर: : “गांव विकसित होंगे तभी राष्ट्र विकसित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का जो विजन देश को दिया है,उसकी बुनियाद गांवों के समग्र विकास पर टिकी है।” यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने यूपीटी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही।
कैबिनेट मंत्री श्री सचान ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा लाई गई जी रामजी योजना ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए रोजगार की मजबूत गारंटी है। इस योजना के तहत ग्रामीणों को 125 दिनों का गारंटी रोजगार मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी पूरे देश में जी रामजी योजना को लेकर भ्रम फैलाने का काम कर रही है, जबकि यह योजना गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना में जॉब कार्ड, भुगतान और कार्यों को लेकर लंबे समय से फर्जीवाड़े की शिकायतें सामने आती रही हैं। मनरेगा के तहत अधिकतर कच्चे कार्य कराए जाते थे, जिनमें फर्जी भुगतान के आधार पर बंदरबांट हो जाता था। भाजपा सरकार ने इन खामियों को दूर करते हुए कैबिनेट में जी रामजी योजना विधेयक पास कर ग्रामीणों को पारदर्शी और सुनिश्चित रोजगार देने का काम किया है।
श्री सचान ने बताया कि जी रामजी योजना में कृषि कार्य के समय रोजगार नहीं दिया जाएगा,ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। योजना के अंतर्गत मजदूरी का भुगतान एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। यदि एक सप्ताह में भुगतान नहीं होता है तो श्रमिकों को ब्याज सहित भुगतान किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने अपने बजट में 1.51 लाख करोड़ रुपये जी रामजी योजना के लिए प्रावधान किया है। इस योजना में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत राज्य सरकार की होगी। वहीं नॉर्थ ईस्ट के पहाड़ी क्षेत्रों में 90 प्रतिशत खर्च केंद्र सरकार और 10 प्रतिशत राज्य सरकार वहन करेगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत गांवों में बारात घर सहित अन्य पक्के निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों की निगरानी ब्लॉक और जनपद स्तर पर की जाएगी,जिससे पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के राम राज्य की परिकल्पना को भाजपा सरकार साकार कर रही है। गांवों के आत्मनिर्भर बनने से पलायन रुकेगा और आम ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने दोहराया कि मनरेगा अपने मूल उद्देश्य से भटक गया था,जबकि जी रामजी योजना ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक सशक्त और पारदर्शी व्यवस्था प्रदान करेगी।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा,सदर विधायक पल्टूराम,तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल,उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा,गैसड़ी के पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू,जिला पंचायत अध्यक्षा आरती तिवारी,नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’,चेयरमैन गैस डी प्रिन्स वर्मा,निषाद पार्टी जिलाध्यक्ष आंधी प्रसाद निषाद,सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह बबलू,मीडिया प्रभारी डीपी सिंह एवं मीडिया संयोजक अवधेश पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

About admin

Check Also

मछली आज उड़ रही….

जेडी न्यूज़ विज़न…. (कीर्ति जायसवाल ) प्रयागराज : :  अखिल भारतीय अग्नि शिखा मंच के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *