जेडी न्यूज़ विज़न….
सन्तोष कुमार गुप्ता…..
गजपुर बाजार : गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर गांव निवासी युवक की गुजरात में ट्रेन दुर्घटना में मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे की असमय मौत से माता-पिता व परिवार वाले बदहवास हैं। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर निवासी संतोष त्रिपाठी का इकलौता पुत्र अभिषेक त्रिपाठी (25) गुजरात की एक कंपनी में इंजीनियर (प्रासेस) के पद पर कार्यरत था। परिजनों के अनुसार 2 मई को वह भरूच स्टेशन से ट्रेन से यात्रा कर रहा था। इसी दौरान पालेज स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिरकर उसकी मौत हो गई। परिजन लगातार अभिषेक के मोबाइल पर फोन करते रहे, लेकिन मोबाइल दुर्घटना में टूट जाने के कारण स्विच आफ बता रहा था। काफी देर तक संपर्क न होने पर परिवार की चिंता बढ़ती गई। बाद में एक पुलिसकर्मी ने मृतक के मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर अपने मोबाइल में लगाया। उसी दौरान पिता संतोष त्रिपाठी का फोन पहुंचा, तब उन्हें हादसे की जानकारी हो सकी।
सूचना मिलते ही पिता घटनास्थल पहुंचे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पालेज पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक का शव घर पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बुधवार को बड़हलगंज स्थित मुक्ति पथ पर युवक का अंतिम संस्कार किया गया। पिता संतोष त्रिपाठी ने नम आंखों से पुत्र को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार मौजूद रहे।
———————–
मां से होती थी दिनभर में दो बार बात
पिता संतोष ने बताया अभिषेक अपनी मां से दिन में दो बार जरूर बात करता था। घटना वाले दिन उसका एक भी फोन न आने पर मां बेचैन हो उठी थी। बताया जा रहा है कि बीते 18 अप्रैल को उसकी सगाई हुई थी और अगले वर्ष फरवरी में शादी होनी थी। युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पूरे गांव में गम का माहौल है।
Jd News Vision