***जेडीन्यूज़ विज़न ***
लखनऊ : : बंथरा पुलिस ने सोमवार को अवैध ताड़ी की तस्करी करने वाले दो तस्करों को इलाके से धर दबोचा। पुलिस ने बरामद ताड़ी कब्जे में लेकर दोनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।
बंथरा इंस्पेक्टर डॉ. आशीष कुमार मिश्रा के मुताबिक उप निरीक्षक सुशील कुमार अपने हमराही कांस्टेबल सुमित कुमार और मोहित कुमार को लेकर सोमवार शाम करीब 4 बजे क्षेत्र में गश्त पर थे। तभी औरावां के पास अन्दपुर देव जाने वाली रोड पर दो युवक हाथ में प्लास्टिक पिपिया लिए औरावां की तरफ जाते दिखाई पड़े। लेकिन पुलिस को देखते ही वह भागने का प्रयास करने लगे। इसी बीच पुलिस ने दोनों को मौके से धर दबोचा। पुलिस पूछताछ में एक ने अपना नाम सरोजनीनगर के मीरानपुर निवासी सुशील कुमार रावत, जबकि दूसरे ने बंथरा के औरावां निवासी सम्राट सिंह बताया। पुलिस ने दोनों के पास से 10 लीटर अवैध ताड़ी से भरी प्लास्टिक की पिपिया बरामद की है। पुलिस का कहना है कि यह दोनों उक्त ताड़ी बेचने जा रहे थे। फिलहाल पुलिस ने बरामद ताड़ी कब्जे में लेकर आरोपियों को जेल भेज दिया है।