जेडी न्यूज विजन….
लखनऊ : : राजधानी के अमीनाबाद थाना क्षेत्र में चलती ऑटो से पर्स छीनने की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण कर लिया है। पुलिस ने मामले में शामिल एक आरोपी दीपक कुमार गौतम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 4 नवंबर 2025 को सीतापुर जनपद के बिसवां तहसील क्षेत्र के बजहा गांव निवासी राम हरख ने थाना अमीनाबाद में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी बेटी चारबाग से कैसरबाग चौराहे की ओर जा रही ऑटो में सवार थी। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने चलती ऑटो से उसका पर्स छीन लिया। पर्स में दो मोबाइल फोन, 1500 रुपये नकद और चांदी के कंगन, अंगूठी, पायल व गले की जंजीर रखी हुई थी।
घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सहायक पुलिस आयुक्त कैसरबाग के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान सीडीआर और सर्विलांस सेल की मदद से तकनीकी विश्लेषण कर अभियुक्त दीपक कुमार गौतम का नाम प्रकाश में आया।
पुलिस टीम ने 6 मार्च 2026 की रात करीब 10:35 बजे आरोपी दीपक कुमार गौतम (30) निवासी ग्राम ककराबाद, थाना माल, जनपद लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में छीना गया। TECHNO SPARK GO 1 कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पैसों के लालच में अपने एक साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। चारबाग से कैसरबाग जा रही ऑटो में बैठी सवारी का बैग बाहर लटका देख दोनों ने लाटूश रोड स्थित मस्जिद के पास मौका पाकर पर्स छीन लिया। बाद में सुनसान गली में जाकर साथी ने बैग अपने पास रख लिया और आरोपी को एक मोबाइल फोन देकर फरार हो गया।
पुलिस का कहना है कि फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार आजाद समेत अमीनाबाद थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Jd News Vision