जेडी न्यूज़ विज़न…
दिल्ली : : मार्च का महीना खत्म होने तक राजधानी का मौसम ने कई रंग दिखा दिए. कई सालों बाद मार्च के महीने में इतनी बारिश के आसार देखने को मिले, लेकिन हकीकत इससे अलग नजर आई. 15 मार्च के बाद मौसम ने अचानक करवट ली और बादल-बारिश का दौर शुरू हुआ।
इसके बावजूद तापमान में कुछ खास गिरावट नहीं आई. तापमान में गिरावट न होने के कारण दिन गर्म बने रहे, जबकि रातों में हल्की राहत महसूस हुई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग और मौसम वैज्ञानिक लगातार दिल्ली-एनसीआर में बारिश का पूर्वानुमान जारी कर रहे हैं, लेकिन ज्यादातर दिन सूखे ही बीत रहे हैं. 29 मार्च को भी झमाझम बारिश की संभावना जताई गई थी, मगर दिनभर तेज धूप और गर्मी ने लोगों को परेशान किया. बीते 24 घंटे में 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, लेकिन 29 मार्च को इनकी गति भी कम हो गई. वहीं मौसम विभाग की मानें तो एक बार फिर 30 मार्च को आंधी बारिश और तापमान में कमी आ सकती है।
29 मार्च की देर शाम और रात में हल्की बूंदाबांदी और आंधी जरूर आई, लेकिन इसका असर सीमित ही रहा. आंकड़ों के अनुसार मार्च में सामान्य से 20 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज हुई, फिर भी गर्मी ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए. औसत अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी ज्यादा है।
मौसम विभाग ने 30 मार्च के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है और दिनभर बादल छाए रहने की संभावना जताई है. रात में आंधी, बिजली और हल्की बारिश के आसार हैं, साथ ही 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं दिल्ली का एक्यूआई 198 यानी मध्यम श्रेणी में बना हुआ है और फिलहाल इसमें बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
Jd News Vision