जेडी न्यूज विजन….
लखनऊ : : राजधानी मेंआईआईएम रोड के शालीमार गार्डन-बे के गेट पर शनिवार देर शाम तेज रफ्तार सीमेंट कंकरीट का मिक्सर सामग्री ले जा रहे वाहन (ट्रक) ने कानपुर में तैनात 58 वर्षीय जय प्रकाश गुप्ता को रौंद दिया।
घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सीसीटीवी फुटेज इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुई है। आरोप है कि घटना के बाद मिक्सर चालक ने गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी को भी रौंदने का प्रयास किया। उसने किसी तरह जान बचाई। पुलिस ने डॉक्टर के बेटे देवांश की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मिक्सर को कब्जे में लिया है। चालक जीतू को भी पुलिस ने पकड़ा है।
कानपुर के केपीएम अस्पताल में डेंटल विभाग में सर्जन के पद पर तैनात जय प्रकाश आईआईएम रोड के शालीमार गार्डन-बे में परिवार के साथ रहते थे। वह वीकेंड पर घर आते थे। पत्नी डॉ. अर्चना किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में प्रोफेसर हैं।
उन्होंने बताया कि शनिवार को पति कानपुर से ड्यूटी कर लौटे थे। वह शालीमार गार्डेन-बे के गेट पर खड़े होकर बेटे देवांश का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच परिसर के अंदर से तेजी से निकले मिक्सर ट्रक ने उन्हें टक्कर मारी। टक्कर लगने से वह गिर गए।
ट्रक के पिछले पहिये उनके ऊपर से निकल गए। गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी ने जब ट्रक रुकवाने का प्रयास किया तो चालक ने ट्रक की स्पीड बढ़ा दी और कट मारकर उसे भी कुचलने का प्रयास किया। सुरक्षाकर्मी ने किसी तरह जान बचाई। इसके बाद उसने सूचना पुलिस और परिवारजन को दी।
चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। परिवार और आसपास के लोगों ने जय प्रकाश को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। लोगों ने बताया कि कॉलोनी में निर्माण कार्य चल रहा है मिक्सर वहीं से निकला था।
मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने कहा कि बेटे देवांश की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चालक को पकड़ा गया है। ट्रक भी कब्जे में है।
केजीएमयू में पढ़ रहा है बेटा
जय प्रकाश का एक बेटा बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। घटना की सूचना के बाद वह भी लखनऊ पहुंचा। उनका दूसरा बेटा देवांश केजीएमयू से एमबीबीएस कर रहा है। घटना के बाद से परिवारजन सदमे में हैं।
Jd News Vision