जेडी न्यूज़ विज़न….
बलरामपुर : : तहसील तुलसीपुर क्षेत्र के थाना गौरा चौराहा अंतर्गत ग्राम सभा हरहटा में सड़क और नाली की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। हालात ऐसे हैं कि प्रतिदिन कोई न कोई वाहन सड़क में फंस जाता है, जिसे ट्रैक्टर की मदद से निकालना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार, खराब सड़क और जलभराव के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। हाल ही में एक व्यक्ति रात के समय फिसलकर गिर गया, जिससे उसका पैर टूट गया। इस घटना से गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान द्वारा विकास कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है और केवल कागजों पर ही खर्च दिखाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में जिलाधिकारी महोदय को प्रार्थना पत्र भी दिया गया, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।
वहीं, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) से कई बार फोन के माध्यम से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। ग्रामीणों का कहना है कि शादी-विवाह के इस मौसम में लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क और नाली की मरम्मत कराई जाए, ताकि गांव के लोगों को राहत मिल सके और भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना न हो।
Jd News Vision