जेडी न्यूज़ चैनल….
(अरुण कुमार राव)
देवरिया : : भारतीय नववर्ष के उपलक्ष्य में शुक्रवार को शहर के रामलीला मैदान में संस्कार भारती के तत्वावधान में आयोजित वर्ष प्रतिपदा उत्सव रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कला, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती व भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण व दीपप्रज्वलन तथा संस्कार भारती के ध्येय गीत के साथ हुआ। मुख्य अतिथि सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रांत अध्यक्ष डॉ. शरद मणि त्रिपाठी, रामकृष्ण मिश्रा, एवं संघ के विभाग प्रचारक दीपक जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
संस्कार भारती के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार बरनवाल, महामंत्री राजेन्द्र जायसवाल, डॉ0 सौरभ श्रीवास्तव, कृष्णा गुप्ता, पुरुषोत्तम मरोदिया, डॉ0 विपिन विहारी शुक्ला एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ0 मनीष तिवारी सहित सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उनका आभार प्रकट किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी कलाकारों, अतिथियों एवं दर्शकों के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय नववर्ष केवल तिथि परिवर्तन का पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और आत्मचेतना का उत्सव है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी में भारतीय संस्कारों के प्रति गर्व की भावना जागृत करते हैं। उन्होंने संस्कार भारती द्वारा सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण माता प्रसाद मिश्र कथक केंद्र एवं नृत्यांग कथक फाउंडेशन की मनमोहक प्रस्तुतियां रहीं। कलाकारों ने गंगा, शिव तांडव व महिषासुर मर्दिनी जैसे भावप्रधान नृत्यों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत को सजीव कर दिया। प्रस्तुति की भाव-भंगिमा, ताल और लय ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा, जिसकी सभी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। इसके अतिरिक्त संस्कार भारती देवरिया के कला साधकों की टीम पूनम मणि त्रिपाठी व नित्यानंद यादव के निर्देशन में अगुवाई में शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांध दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह तथा संचालन डॉ0 रविकांत मणि त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने भारतीय नववर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे अपनी संस्कृति, परंपरा और मूल्यों से जुड़ने का पर्व बताया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से परमेश्वर जोशी, शारदा मणि त्रिपाठी, अखिलेन्द्र शाही, डॉ0 मिथिलेश सिंह, उपेन्द्र शाही, जितेन्द्र पाण्डेय, माधव सिंह, डॉ0 एसएन त्रिपाठी, डॉ0 बालेश्वर पाण्डेय, मनीष आनन्द मिश्रा सहित बड़ी संख्या में नगरवासी एवं जनपदवासी उपस्थित रहे, जिससे पूरा रामलीला मैदान उत्सवमय वातावरण में सराबोर हो उठा।
Jd News Vision