Breaking News

सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में आयोजित दो-दिवसीय ‘लीडरशिप सर्किल-5’ का भव्य शुभारम्भ…

JD NEWS VISION….

अल्फा शिक्षण पद्धति से फाउण्डेशनल लिटरेसी एवं न्यूमेरसी में व्यापक सुधार सम्भव”….
– डॉ. दिनेश शर्मा, सांसद, राज्यसभा….

लखनऊ, 8 मई : : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, कानपुर रोड स्थित वर्ल्ड यूनिटी कन्वेन्शन सेन्टर में आयोजित दो-दिवसीय शैक्षिक सम्मेलन ‘लीडरशिप सर्किल-5’ का आज भव्य शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री सन्दीप सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने उद्घाटन भाषण में श्री सिंह ने कहा कि आज शिक्षा को समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा सम्पूर्ण मानवता में ज्ञान का प्रकाश फैलाने का प्रभावशाली माध्यम बनना होगा।

 

विद्यालयों को अल्फा (एक्सेलरेटेड लर्निंग फॉर ऑल) शिक्षण पद्धति एवं ‘पाथ वे ऑफ लर्निंग’ जैसी नवीन शिक्षण विधियों को अपनाना चाहिए, जिससे शिक्षा उद्देश्यपूर्ण, सक्रिय, परिवर्तनकारी एवं समग्र बन सके। उन्होंने देवी संस्थान की संस्थापक डॉ. सुनीता गांधी एवं उनकी पूज्य माता जी डॉ. भारती गांधी, जो इस कार्यक्रम की मुख्य संरक्षक एवं विश्व के सबसे बड़े विद्यालय सिटी मोन्टेसरी स्कूल की संस्थापक हैं, द्वारा प्रदान किये जा रहे शैक्षिक नेतृत्व की मुक्तकंठ से सराहना की।

विशिष्ट अतिथि एवं राज्यसभा सांसद (उत्तर प्रदेश) डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि अल्फा शिक्षण पद्धति के माध्यम से फाउण्डेशनल लिटरेसी एवं न्यूमेरसी कौशल में अत्यधिक सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पुरानी शिक्षण पद्धतियाँ वर्तमान शताब्दी की आवश्यकताओं को पूरा नहीं कर सकतीं। आज की पीढ़ी को अपनी समस्याओं का समाधान स्वयं खोजने तथा विश्व को उपलब्धियों, प्रगति एवं नवाचार के नये युग की ओर ले जाने के लिए सक्षम बनाना होगा। वैज्ञानिक सोच के साथ-साथ कला एवं संस्कृति, कल्पनाशीलता, साहसिक पहल तथा नवाचार को भी बढ़ावा देना आवश्यक है। साथ ही, शिक्षा मूल्यपरक, बाल-केंद्रित एवं मानवीय दृष्टिकोण वाली होनी चाहिए।

इससे पूर्व, देवी संस्थान के ग्रुप एग्जीक्यूटिव श्री निक्सन जोसेफ ने देश के 18 राज्यों से आये लगभग 2500 प्रतिभागियों एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। देवी संस्थान की संस्थापक एवं सी.ई.ओ. तथा ‘लीडरशिप सर्किल-5’ की संयोजिका डॉ. सुनीता गांधी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे भारत को शिक्षा एवं ज्ञान के क्षेत्र में विश्व का अग्रणी राष्ट्र बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं विभिन्न सरकारी अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह वैश्विक मंच शिक्षा नीतियों एवं शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी साधन बनाने हेतु नई रणनीतियों पर सार्थक चर्चा का अवसर प्रदान कर रहा है।

कार्यक्रम में शैक्षिक पद्धतियों, सरकारी साझेदारी एवं नीतियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर पैनल चर्चा आयोजित हुई। इसके पश्चात अल्फा ‘हैण्ड्स-ऑन क्लैप एंड स्नैप एक्टिविटी’ आयोजित की गई, जिसका सभी प्रतिभागियों ने भरपूर आनंद लिया। साथ ही, अल्फा इन क्लासरूम’ का सजीव प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें सरकारी विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा मंच पर लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारत का पहला ए.आई. संचालित हिन्दी साक्षरता चौटबॉक्स लॉन्च रहा। विशेष अतिथि प्रो. इन्द्राणी भादुड़ी, सी.ई.ओ. एवं प्रमुख पारख, शैक्षिक सर्वेक्षण विभाग, एन.सी.ई.आर.टी., शिक्षा मंत्रालय ने अपने प्रेरणादायी विचारों एवं उत्साहवर्धक उद्बोधन से उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव माननीय श्री पार्थ सारथी सेन शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा ही मनुष्य को अन्य प्राणियों से श्रेष्ठ बनाती है और शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार एवं प्रयोगों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में ‘अल्फा क्लासरूम’ की अत्यंत रचनात्मक प्रस्तुति दी गई, जिसमें यह प्रदर्शित किया गया कि बच्चे किस प्रकार जोड़ी बनाकर एक-दूसरे से सहज रूप से सीखते हैं तथा शिक्षक प्रेरक की भूमिका निभाते हैं। साथ ही, ऐसी गतिविधियाँ कराई गईं जिनसे यह सिद्ध हुआ कि घर एवं कक्षा में उपलब्ध सामान्य सामग्रियों के माध्यम से बच्चे अत्यंत शीघ्र सीख सकते हैं।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. सुनीता गांधी ने जानकारी दी कि पैनल चर्चाएँ कल भी जारी रहेंगी तथा कार्यक्रम का समापन सम्मान समारोह के साथ कल अपराह्न 4ः00 बजे सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में होगा।

( डॉ. प्रीति शंकर)
मुख्य सम्पादक, सी.आई.एस. एवं देवी संस्थान

About admin

Check Also

दक्षिण विजय के लिए भाजपा को क्या करना होगा ?

जेडी न्यूज विजन…. गंगोत्री से गंगासागर तक अपना विशाल साम्राज्य खड़ा करने वाली भाजपा के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *