जेडी न्यूज विजन….
बिलसपुर : : 8 मार्च,2026 अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नेपाल की प्रतिष्ठित संस्था शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन द्वारा बिलासपुर (छत्तीसगढ़)की साहित्यकार सुश्री माधुरी करसाल’मधुरिमा’ को उनके उत्कृष्ट साहित्यिक, शैक्षिक और सामाजिक योगदान के लिए “स्त्री शक्ति सम्मान – 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समाज में सकारात्मक परिवर्तन, जागरूकता और मानवीय मूल्यों के प्रसार हेतु उनके सतत प्रयासों की सराहना के रूप में प्रदान किया गया।
संस्था द्वारा जारी प्रशस्ति पत्र में उल्लेख किया गया है कि माधुरी करसाल‘मधुरिमा’ अपनी रचनात्मक प्रतिभा, प्रभावशाली लेखन और ज्ञानवर्धक शिक्षण के माध्यम से समाज में सकारात्मक चेतना का प्रसार कर रही हैं। उनकी साहित्यिक रचनाएँ संवेदनशीलता, सामाजिक सरोकार और नैतिक मूल्यों को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करती हैं, जो समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवा पीढ़ी और महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन रही हैं।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष आनंद गिरि मायालु ने कहा कि आज के दौर में युवा व महिला साहित्यकारों का समाज के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मधुरिमा जैसी प्रतिभाएँ अपने लेखन और सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही हैं।
संस्था के वरिष्ठ सलाहकार रमेशचन्द्र पटेल ‘आकाशदीप’ तथा प्रतिभा चयन समिति के संयोजक डॉ. प्रीति प्रसाद ‘प्रीत’ ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सुश्री माधुरी करसाल’मधुरिमा’ की यह उपलब्धि अनेक महिलाओं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
यह सम्मान नेपाल के लुंबिनी-5 में आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदान किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान भारत भूमि के साथ छत्तीसगढ़ व परिवार लिए भी गौरव का विषय है। परिजन,साहित्यिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों ने उन्हें इस उपलब्धि पर शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना की।
jdnews