JD NEWS VISION….
बांग्लादेश में एक काली मंदिर में पूजा के दौरान कुछ नकाबपोश हमलावरों ने बम से हमला कर दिया. घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये घटना उस समय हुई जब मंदिर में श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे थे. इसी दौरान कुछ लोग चेहरे पर राक्षस का मास्क लगाकर मंदिर परिसर के पास पहुंचे और बैग में बम रखकर भाग गए. आरती के वक्त अचानक तेज धमाका हुआ. विस्फोट की आवाज सुनते ही मंदिर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई घटना
हमलावरों की यह पूरी हरकत मंदिर के बाहर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ नकाबपोश युवक मंदिर के पास आते हैं और थोड़ी देर बाद वहां एक बैग रखकर चले जाते हैं, जिसमें बम था. पुलिस अब इसी वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के समय मंदिर में पूजा चल रही थी और कई श्रद्धालु वहां मौजूद थे. अचानक हुए धमाके से लोग घबरा गए. हालांकि राहत की बात ये रही कि इस हमले में किसी के गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, लेकिन मंदिर परिसर में हल्का नुकसान जरूर हुआ है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और संदिग्ध लोगों की तलाश जारी है. इसके साथ ही आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि आगे किसी तरह की अनहोनी न हो. बांग्लादेश में पिछले कुछ सालों में मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर हमले की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिन्हें लेकर अल्पसंख्यक समुदायों में चिंता बढ़ी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक अलग-अलग इलाकों में मंदिरों में तोड़फोड़ और हमलों की घटनाएं पहले भी दर्ज की जा चुकी हैं।
G F….
Jd News Vision