. जेडी न्यूज़ विज़न….
.CCTV कैमरे लगाने की योजना पर विचार करने के दिए निर्देश…
लखनऊ: : आए दिन स्कूलों के खुलने और बंद होने के समय लगने वाले ट्रैफिक जाम को लेकर हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने सख्त रुख अपनाया है। न्यायालय ने स्कूलों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना पर गंभीरता से विचार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि रियल टाइम में ट्रैफिक की निगरानी और नियंत्रण किया जा सके।
आदेश न्यायमूर्ति आलोक माथुर और न्यायमूर्ति बृजराज सिंह की खंडपीठ ने गोमती रिवर बैंक रेजीडेंट्स की ओर से वर्ष 2020 में दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए पारित किया। अदालत पहले भी इस मुद्दे पर कई निर्देश दे चुकी है और लगातार अनुपालन की समीक्षा कर रही है।
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट में 18 स्कूलों में तैनात ट्रैफिक मार्शलों के कार्य का आकलन किया गया। रिपोर्ट में सामने आया कि कुछ स्कूलों में मार्शल प्रभावी ढंग से ट्रैफिक नियंत्रित कर रहे हैं, लेकिन कई स्थानों पर उनकी कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं पाई गई।
इस दौरान डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी ने न्यायालय को अवगत कराया कि स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम के माध्यम से शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों की निगरानी की जा रही है। इसी तर्ज पर यदि स्कूलों के आसपास भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, तो ट्रैफिक प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
इस सुझाव को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय ने राज्य सरकार के अपर महाधिवक्ता को निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभागों और स्कूल प्रबंधनों के साथ बैठक आयोजित कर इस प्रस्ताव पर विस्तृत विचार किया जाए और ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।
सुनवाई के दौरान यह भी बताया गया कि लोरेटो स्कूल का गेट नंबर 6ए खोलने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं, जिससे छात्रों को परिसर के भीतर ही छोड़ा जा सके और सड़क पर ट्रैफिक दबाव कम हो। मामले की अगली सुनवाई 28 अप्रैल को निर्धारित की गई है।
Jd News Vision